Home उत्तर प्रदेश ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत:महराजगंज में भिटौली...

ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत:महराजगंज में भिटौली के परसिया में हादसा; चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागा, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

0
12

महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र के परसिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार राजबहादुर (54) की मौत हो गई। घटना बौद्ध बिहार के पास हुई। भिटौली थाना क्षेत्र के अमवा भैंसी निवासी राजबहादुर सुबह करीब 9:30 बजे साइकिल से भिटौली गए थे। काम निपटाकर घर लौटते समय विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी। उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की जा रही थी, तभी उनकी मौत हो गई। सूचना पर उपनिरीक्षक यदुवीर यादव पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव अपने कब्जे में लिया। ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर भी कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पत्नी जडावती हैं।