
महराजगंज के कांशीराम पोखरा आवास की सड़क लंबे समय से खराब है। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूट-फूट है, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को हादसे का डर बना रहता है। बारिश के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। तब सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ हो जाती है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने खराब सड़क की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत की है। लेकिन, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नगरवासी सुभावती देवी, नेम अली, प्रदीप और सुभाष ने बताया कि सड़क खराब होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में खास दिक्कत होती है। रात के समय गड्ढों के कारण हादसे का डर बना रहता है। लोगों ने विभाग से जल्द सड़क ठीक कराने की मांग की है। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्या का समाधान जल्दी नहीं हुआ, तो वे सब मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।





























