
बस्ती जिले के विक्रमजोत विकास क्षेत्र में शंकरपुर विक्रमजोत चौराहे से छतौना जाने वाला मुख्य मार्ग कीचड़ से भरा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से निकलने वाली यह डामर की सड़क नेतवर पट्टी, छतौना, पड़ेरिया और माझा जैसे कई गांवों को जोड़ती है। इस रास्ते से हर दिन हजारों लोग विक्रमजोत, बस्ती, हर्रैया और अयोध्या आते-जाते हैं। हल्की बारिश होने पर सड़क पर पानी भर जाता है। इसी सड़क पर सरोज इंडेन गैस एजेंसी, बाल गंगा इंटर कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत भी स्थित हैं। एंबुलेंस को भी इसी रास्ते से होकर जाना पड़ता है। सड़क जगह-जगह से टूट गई है। शंकरपुर गांव का पाठक पुरवा और इंडेन गैस एजेंसी का कार्यालय भी यहीं है। हर दिन सैकड़ों उपभोक्ता गैस लेने आते हैं और उन्हें अपनी गाड़ी कीचड़ में खड़ी करनी पड़ती है। लोगों को फिसलकर गिरने का डर बना रहता है। यह सड़क पूर्व विधायक जगदंबा सिंह के गांव छतौना को भी जोड़ती है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वर्तमान विधायक भी भाजपा से होने के बावजूद इस सड़क पर ध्यान नहीं दिया गया है। इससे स्थानीय लोग नाराज हैं। क्षेत्रीय लोगों जैसे सतीश पाठक, महेंद्र दुबे, राजेंद्र प्रसाद यादव, दुखरन यादव, पुजारी निषाद, मुन्ना यादव, पुनीत यादव और अमरजीत यादव सहित कई लोगों ने नेताओं से सड़क किनारे नाली बनवाने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।































