
विक्रमजोत विकास क्षेत्र के कवलपुर गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर बने फ्लाईओवर की सर्विस रोड की हालत खराब है। अवधेश सिंह ढाबा, नर्सिंग होम और पेट्रोल पंप के पास यह सर्विस रोड धंस गई है। यहां बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस सर्विस रोड के दाहिनी ओर विक्रमजोत बाजार, गन्ना विकास समिति, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय और कई प्राइवेट स्कूल व दुकानें हैं। बाईं ओर से विक्रमजोत-हसीनाबाद रोड निकलती है। यह रोड बभनान, गौर बाजार, हलुआ बाजार और वर्तमान विधायक अजय सिंह के गांव लजघटा जाने का मुख्य रास्ता है। कुछ समय पहले भारी जल जमाव के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी ने लाखों रुपये खर्च किए थे। जल जमाव से राहत दिलाने के लिए सर्विस रोड को गिट्टी और सीमेंट से ठीक किया गया था। इसके बावजूद सर्विस रोड के किनारे बनी नाली के ढक्कन अभी भी टूटे हुए हैं। बड़े गड्ढे भी वैसे के वैसे ही बने हुए हैं। यहां तक कि सर्विस रोड को ठीक करते समय राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के सर्विस लेन बनाने वाले ठेकेदार का डंपर भी नाली में गिर गया था, जिसे हाइड्रा मशीन से बाहर निकाला गया था। इतनी घटनाओं के बाद भी गड्ढों को ठीक नहीं किया गया है।





























