अविनाश कुमार | पतरेंगावा (निचलौल), महराजगंज4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

महराजगंज के मिठौरा विकासखंड की ग्राम सभा मधुबनी के टोला बेलवा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र के कायाकल्प पर सवाल उठ रहे हैं। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद केंद्र में मूलभूत सुविधाएं नदारद हैं, जिससे इसकी बदहाली सामने आई है।
भुगतान विवरण के अनुसार, वैभव एंटरप्राइज को 13 जनवरी 2025 को 1,96,419 रुपये, तथा 17 नवंबर 2025 को 3,94,000 रुपये और 97,023 रुपये का भुगतान किया गया है। इस केंद्र के कायाकल्प पर कुल 5,98,852 रुपये खर्च हुए हैं।
केंद्र परिसर में तीन शौचालय बनाए गए हैं। इनमें से दो में सीट लगी है, लेकिन तीसरे का काम अभी शुरू नहीं हुआ है। तीनों शौचालयों में टाइल्स और दरवाजे भी नहीं लगाए गए हैं। पानी की टंकी स्थापित है, लेकिन पानी पहुंचाने के लिए मोटर नहीं लगाई गई है। बच्चों की सुविधा के लिए केंद्र में पंखा भी नदारद है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विंध्यवासिनी सिंह ने भी केंद्र में पंखा, दरवाजे, टाइल्स और मोटर जैसी सुविधाओं के अधूरे होने की पुष्टि की है। इस मामले पर एडीओ पंचायत कौशल किशोर ने बताया कि उन्हें पहले इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन अब जानकारी मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
लाखों रुपये के भुगतान के बावजूद कायाकल्प का अधूरा रहना संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने इस मामले की तकनीकी जांच और भुगतान के सापेक्ष हुए कार्यों के सत्यापन की मांग की है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पिंटू गुप्ता, सचिव संतोष कुमार गुप्ता और जेई प्रियांश पटेल की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
































