BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ दहेज के लिए विवाहिता को बच्चों समेत घर से निकाला:पति समेत 5...

दहेज के लिए विवाहिता को बच्चों समेत घर से निकाला:पति समेत 5 ससुरालियों पर 10 लाख मांगने और मारपीट का आरोप, केस दर्ज

गौर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बभनान के भगत सिंह नगर वार्ड में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि 10 लाख रुपये की दहेज मांग पूरी न होने पर उसे लगातार परेशान किया गया, मारपीट की गई और बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सरिता पत्नी अनिल विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी साल 2014 में अनिल के साथ हुई थी। सरिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अनिल विश्वकर्मा, सास राजकुमारी, ननद अर्चना देवी, जेठ सुबास और जेठानी अमित्ता उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। शादी में मायके वालों ने नकदी, जेवर और दूसरा सामान दिया था, लेकिन ससुरालियों की मांग कम नहीं हुई। पीड़िता के मुताबिक, पति का कारोबार बढ़ाने के नाम पर उससे मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो सभी मिलकर उसे गालियां देते और मारपीट करते थे। सरिता का आरोप है कि पांच जून को उसे एक कमरे में बंद करके पीटा गया। इसके बाद उसे अपने दो बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया। महिला ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि पहले भी मारपीट के एक मामले में आठ मार्च 2024 को थाने में समझौता हुआ था। इसके बावजूद उसे लगातार परेशान किया जाता रहा। गौर थाना अध्यक्ष अतुल अंजान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।