BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ सिद्धार्थनगर में महिला पर धोखाधड़ी का केस:आधार कार्ड में पति की जगह...

सिद्धार्थनगर में महिला पर धोखाधड़ी का केस:आधार कार्ड में पति की जगह मृत पिता का नाम दर्ज कराया, परिवार रजिस्टर में नाम चढ़वाने की कोशिश

सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में गोरखपुर की एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और गलत दस्तावेज के इस्तेमाल का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बभनी बाजार निवासी अदील अहमद की शिकायत पर हुई है। महिला पर आरोप है कि उसने अपने आधार कार्ड में पति के नाम की जगह अदील अहमद के मृत पिता इकबाल अहमद का नाम दर्ज कराया। शिकायत के मुताबिक, अदील अहमद के पिता इकबाल अहमद का निधन 26 अक्टूबर 2025 को हो चुका है, जबकि उनकी मां का निधन 18 दिसंबर 2019 को हुआ था। आरोप है कि सैय्यदा खातून पत्नी अब्दुल रज्जाक, निवासी करमहां उर्फ कम्हरिया, गुलरिहा, गोरखपुर, ने अपने आधार कार्ड में बदलाव कर पति के नाम की जगह इकबाल अहमद का नाम लिखवाया। इसके बाद महिला ने 13 नवंबर 2025 को शपथ पत्र के साथ जोगिया के खंड विकास अधिकारी कार्यालय में परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया। जब अदील अहमद को इस मामले की जानकारी मिली, तो उन्होंने कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई और पुलिस में शिकायत की। शिकायत में कहा गया है कि महिला ने गलत फायदा उठाने के मकसद से दस्तावेजों में यह बदलाव किया और परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने की कोशिश की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।