श्रावस्ती में लगातार बारिश और तेज हवा के चलते पिछले करीब चार दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। शनिवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के बाद जिले के अधिकांश ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई, जो रविवार को भी सामान्य नहीं हो सकी। रविवार को रात्रि 8:00 बजे के बाद विभाग ने बताया कि बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने में अभी समय लग सकता है।
बिजली नहीं आने से घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद पड़े हैं, वहीं मोबाइल फोन भी डिस्चार्ज हो गए हैं। कई लोग जनरेटर और अन्य वैकल्पिक साधनों से मोबाइल चार्ज करने को मजबूर हैं। दूसरी ओर, कई इलाकों में जियो नेटवर्क प्रभावित होने से मोबाइल कॉल और इंटरनेट सेवा में भी दिक्कत आ रही है। शाम होते ही बिजलीविहीन गांव और कस्बे अंधेरे में डूब जा रहे हैं। जंगल से सटे इलाकों में अंधेरे के कारण ग्रामीणों में जंगली जानवरों को लेकर भी भय बना हुआ है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता के अनुसार, भीषण आंधी-तूफान में विद्युत वितरण खंड श्रावस्ती के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्रों की लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है। ट्रांसफार्मर के 25 स्थानों के डबल पोल समेत कुल 433 पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। पोल और बिजली लाइनों पर गिरे पेड़ों को हटाने के साथ मरम्मत का काम लगातार जारी है।
विभाग ने बताया कि जनपद न्यायालय भिनगा सहित भिनगा और कटरा की 33 केवी लाइनों को बहाल कर दिया गया है तथा भिनगा शहर की बिजली आपूर्ति भी चालू हो गई है। हालांकि भिनगा टाउन को छोड़कर अन्य उपकेंद्रों की 11 केवी आपूर्ति अभी बाधित है। विभागीय कर्मचारी और कार्यदायी संस्थाओं की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हैं। विद्युत विभाग का कहना है कि नुकसान बड़े पैमाने पर होने के कारण पूरे जिले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है। हालांकि विभाग ने अभी तक सभी क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल होने की निश्चित समयसीमा नहीं बताई है। लगातार बिजली संकट से परेशान लोगों ने जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है।
श्रावस्ती में आंधी-बारिश से 433 बिजली पोल टूटे:चार दिन से बिजली संकट, आपूर्ति ठप अंधेरे में डूबे कई क्षेत्र, विभाग बोला- बहाली में समय लगेगा
और पढ़ें
संबंधित खबरें













































