श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज मांगने, मारपीट करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
.
एफआईआर के मुताबिक, विवाहिता की शादी 6 मई 2019 को दयाराम वर्मा पुत्र बरसाती लाल, निवासी जिगिनिहवा, थाना सोनवा से हुई थी। वर्ष 2021 में गौना होने पर मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था।
आरोप है कि इसके बाद भी पति, ससुर बरसाती लाल, जेठ विनोद कुमार और सास सुशीला देवी व सुमन देवी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ताने देते और मारपीट करते थे।
विवाहिता के मुताबिक, वर्ष 2024 में उसे एक बच्चा हुआ था, जिसकी बाद में मौत हो गई। इसके बाद पति और सुमन देवी के कथित संबंधों को लेकर विवाद बढ़ा। आरोप है कि सुमन देवी के कहने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
आरोप है कि करीब दो साल पहले दहेज को लेकर उसे पीटकर घर से निकाल दिया गया। करीब आठ महीने पहले उसके पिता उसे ससुराल छोड़कर आए, लेकिन आठ दिन बाद फिर मारपीट कर उसे घर से भगा दिया गया। तब से वह मायके में रह रही है।
पुलिस ने 27 नवंबर 2026 को पति दयाराम वर्मा, बरसाती लाल, विनोद कुमार, सुशीला देवी और सुमन देवी के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 115(2) के तहत केस दर्ज किया। मामले की जांच उपनिरीक्षक धनेश कुमार दीक्षित कर रहे हैं।

















