श्रावस्ती के गिलौला बाजार में महर्षि वाल्मीकि मंदिर पर जयंती के मौके पर धार्मिक कार्यक्रम हुए। मंगलवार को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद लिया। सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंदिर से गिलौला बाजार में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, महर्षि वाल्मीकि और लव-कुश की झांकियां शामिल थीं। बाजार के लोगों ने झांकियों के दर्शन कर आरती की। मंदिर परिसर में सोमवार से रामायण पाठ भी शुरू हुआ था। मंगलवार को पाठ खत्म होने के बाद भंडारा हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर महर्षि वाल्मीकि को नमन किया।
‘खरगे की टिप्पणी से प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची’, सर्वे में 68 प्रतिशत लोगों ने कहा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर एक सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि 68 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इससे प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। वहीं, 54 प्रतिशत लोगों ने इसे कांग्रेस की हताशा और वैचारिक कमजोरी का संकेत बताया।
मैट्रिज न्यूज कम्युनिकेशंस नामक एजेंसी द्वारा किए गए इस सर्वेक्षण में कुल 5,000 लोगों को शामिल किया गया। एजेंसी के अनुसार, 72 प्रतिशत लोगों ने माना कि खरगे की टिप्पणी सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों के प्रति सम्मान की कमी दर्शाती है। सर्वेक्षण 25 से 27 अक्टूबर के बीच कंप्यूटर आधारित टेलीफोन साक्षात्कार (सीएटीआइ) के माध्यम से किया गया। हालांकि, सर्वेक्षण के इन निष्कर्षों को एजेंसी के दावों के रूप में देखा जाना चाहिए।
दरअसल, खरगे ने रविवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विवादित टिप्पणी की थी। यह कार्यक्रम बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने कहा था कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाने वाले हैं। इसके जवाब में खरगे ने प्रधानमंत्री के पिता का उल्लेख करते हुए टिप्पणी की, जिस पर विवाद खड़ा हो गया।
सर्वेक्षण जारी करने वाली एजेंसी ने कहा कि अधिकांश लोगों ने टिप्पणी को प्रधानमंत्री पद की गरिमा के विरुद्ध बताया और इसे कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति से जोड़कर देखा। खरगे की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने के बीच सर्वेक्षण के आंकड़े सार्वजनिक किए गए हैं।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट कर साथ)
हाईवे देवदूत ने सड़क-हादसे में घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया:बस्ती के हर्रैया में अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, थानाध्यक्ष ने की सराहना
बस्ती जिले में ‘हाईवे देवदूत’ के नाम से मशहूर प्रमोद ओझा सड़क हादसों में घायलों की मदद कर रहे हैं। वे घायलों को अस्पताल पहुंचाते हैं, इलाज की व्यवस्था कराते हैं और परिजनों को सूचना देते हैं। मंगलवार शाम 6 बजे हर्रैया थाना क्षेत्र के बिजरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 साल के दीपक निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रमोद ओझा ने तुरंत घायल दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दीपक के परिवार को भी हादसे की जानकारी दे दी गई। हर्रैया थानाध्यक्ष संजय कुमार ने प्रमोद ओझा के काम की सराहना की। प्रमोद का मकसद है कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को समय पर मदद मिले, ताकि उसकी जान बचाई जा सके।
श्रावस्ती में जंगली जानवर से टकराकर दो बाइक-सवार गंभीर घायल:नानपारा से लौटते समय हुआ हादसा, मल्हीपुर से भिनगा जिला अस्पताल रेफर
श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ। नानपारा में मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे हरबहादुर (19) और बालसूराम (41) की बाइक जंगली जानवर से टकरा गई। यह घटना हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के बदला गिरंट मार्ग पर सुजानडीह जंगल के पास हुई। अचानक जंगली जानवर सामने आने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया।
ग्लोबल आर्म्स मार्केट में भारत का ‘पावर पंच’, यूक्रेन युद्ध के बाद यूरोप को बेचे 850 मिलियन डॉलर के हथियार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूरोप में गोला-बारूद की बढ़ती मांग का लाभ उठाते हुए भारत के रक्षा उद्योग ने निर्यात में जबरदस्त उछाल दर्ज किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद के चार वर्षों में भारत ने यूरोपीय देशों को 87.2 करोड़ डॉलर (लगभग 872 मिलियन डॉलर) मूल्य के गोला-बारूद और संबंधित उत्पादों का निर्यात किया है। जबकि इससे पहले के चार वर्षों में यह आंकड़ा सिर्फ 4.92 करोड़ डॉलर था।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, यूरोपीय देशों को भारत के गोला-बारूद निर्यात में 1600 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने भारत को यूरोप का तीसरा सबसे बड़ा हथियार निर्यातक बताया है, जो यूरोपीय रक्षा बाजार में भारत की बढ़ती उपस्थिति को दर्शाता है।
फरवरी 2022 में रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद यूरोपीय देशों पर सैन्य तैयारियां मजबूत करने का दबाव बढ़ा है। संघर्ष ने आर्टिलरी शेल और अन्य गोला-बारूद की मांग बढ़ा दी है। यूरोपीय सरकारें अपने भंडार को फिर से भरने के साथ-साथ कीव को सैन्य सहायता जारी रख रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार, भारत मध्य और पूर्वी यूरोप के 13 देशों को गोला-बारूद और संबंधित उत्पादों का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बन गया है। इस सूची में दक्षिण कोरिया पहले स्थान पर है।
इन निर्यातों का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा पूर्वी और मध्य यूरोप के इन देशों को गया है। इनमें मुख्य रूप से आर्टिलरी शेल, मोर्टार शेल, प्रोपेलेंट और विस्फोटक शामिल हैं। लड़ाकू जेट या मिसाइलें नहीं बेची गईं।
भारत के समग्र रक्षा निर्यात में भी मजबूती आई है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष के 23,622 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।
यह वृद्धि आत्मानिर्भर भारत अभियान के तहत भारतीय रक्षा उद्योग की वैश्विक बाजार में बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर:कोल्हुई थाना क्षेत्र के एकसड़वा चौराहे पर हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में एकसड़वा चौराहे पर एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। यह घटना पुलिस चौकी से महज 200 मीटर दूर हुई। राहगीर की सूचना पर जोगियाबारी चौकी प्रभारी पंकज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर भेजा। घायल की पहचान नौतनवा थाना क्षेत्र के पड़रहवा गांव (बनवाटरी के बगल) के निवासी के रूप में बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
‘सिर्फ भावुक सर्कुलर से नहीं रुकेगी एसिड की बिक्री’, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को लगाई फटकार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में एसिड अटैक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकार लगाई है। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआइ) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि केवल भावुक भाषा में सर्कुलर जारी करने से एसिड बिक्री पर रोक का उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केंद्र यह मानकर संतुष्ट नहीं हो सकता कि उसने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं और सारी जिम्मेदारी राज्यों पर छोड़ दी है।
पीठ ने मौखिक रूप से टिप्पणी की कि यदि दिशानिर्देशों के बावजूद ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हो रही हैं, तो इसका साफ अर्थ है कि नीति पूरी तरह विफल हो चुकी है और इसमें खामियां हैं।
कोर्ट ने केंद्र से सवाल किया कि उसने किसी राज्य से यह पूछने के लिए कोई सर्कुलर क्यों नहीं जारी किया कि दिशानिर्देशों के बावजूद वहां घटनाएं क्यों हुईं? इसके साथ ही, प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया।
केंद्र की ओर से पेश अडिशनल सालिसिटर जनरल अर्चना पाठक दवे ने स्वीकार किया कि हालांकि एसिड की खुदरा बिक्री पर प्रतिबंध के विस्तृत दिशानिर्देश राज्यों को भेजे गए थे और उन्होंने नियम भी बनाए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका क्रियान्वयन बेहद कमजोर है।
कोर्ट ने ‘एसिड अटैक की बढ़ती और बर्बर घटनाओं’ पर चिंता जताते हुए केंद्र को निर्देश दिया कि वह बाजार में आसानी से मिलने वाले एसिड के दुरुपयोग को रोकने के लिए उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की सूची देते हुए एक हलफनामा दाखिल करे।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट की यह पीठ एसिड अटैक पीड़िता शाहीन मलिक की उस जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही है, जिसमें पीड़ितों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए उन्हें दिव्यांग श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग की गई है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला की मौत:बस्ती के गौरा गांव की घटना, जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में चल रहा था इलाज
बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में मंगलवार को पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद 31 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान मोहम्मद रफीक की पत्नी गुलिस्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गुलिस्ता और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए। वहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे कैली अस्पताल ले गए, जहां देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर होगी।इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।














