महराजगंज के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव के सिवान में शनिवार को गन्ने के खेत में आग लग गई। आग से श्रवण जायसवाल पुत्र शिव जायसवाल समेत किसानों की करीब एक एकड़ फसल जल गई। बताया जा रहा है कि दोपहर में पास के खेत में धान के डंठल जलाए जा रहे थे। इसी दौरान निकली चिंगारी से गन्ने के खेत में आग लग गई। सूचना पर लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी प्रभारी एसआई मनीष कुमार तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाई। कांस्टेबल कवि कुमार, शिवा, अभिषेक पांडेय और हेड कांस्टेबल सुनील यादव ने भी आग बुझाने में मदद की। ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के कई एकड़ गन्ने की फसल भी जल सकती थी। किसानों ने धान के डंठल जलाने वालों पर कार्रवाई और पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। श्रवण जायसवाल की जली फसल उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धान के डंठल जलाने से खेत में आग लगी:लक्ष्मीपुर खुर्द में श्रवण जायसवाल समेत किसानों की एक एकड़ फसल जली
BREAKING
NEWS

















