बृजमनगंज के बंजरहा सोनबरसा ग्राम पंचायत के गौहरपुर में 200 से ज्यादा बेदियों पर छठ पूजा हुई। ग्राम प्रधान सराजुल हक और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सर्वजीत गुप्ता ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली।
दैनिक भास्कर ने 29 अक्टूबर 2026 को छठ पूजा घाट की समस्या और व्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद घाट को व्यवस्थित किया गया।
यह तालाब ग्राम सभा का है और बंजरहा, महुलानी, मिश्रवलिया और नयनसर ग्राम सभाओं की सीमाओं के पास है। इस वजह से यहां छठ पूजा में आसपास के लोग भी आते हैं। इस बार तालाब में हर साल से ज्यादा पानी था, इसलिए अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।
बृजमनगंज थानाध्यक्ष ने मौके का निरीक्षण किया और चार गोताखोर तैनात किए। लोगों को गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की गई।
समाजसेवी रविंद्र यादव ने हर साल की तरह इस बार भी मुफ्त चाय-बिस्किट बांटने के लिए स्टॉल लगाया। युवाओं ने आयोजन में सहयोग किया। एसआई सावंत कुमार, हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव, आलोक कुमार और दीवान समेत पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे और व्यवस्था पर नजर रखी।
स्थानीय लोगों ने तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और यहां अच्छा छठ घाट बनाने की मांग की। उनका कहना है कि इससे छठ पूजा का आयोजन बेहतर ढंग से हो सकेगा।
गौहरपुर में 200 से ज्यादा बेदियों पर हुई छठ पूजा:पुलिस ने चार गोताखोर तैनात किए, तालाब के सौंदर्यीकरण और छठ घाट बनाने की मांग
और पढ़ें












