गौर थाना क्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी के सुल्तानपुर गांव से 42 दिन पहले लापता हुए 24 वर्षीय युवक का कंकाल बुधवार को कुआनो नदी के चौरा घाट के पास झाड़ियों में मिला। मछली पकड़ रहे लोगों ने कंकाल देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसओ अतुल अंजन ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। युवक के छोटे भाई राहुल ने कपड़ों से उसकी पहचान रोहित पुत्र भगवानदीन के रूप में की। परिजनों के मुताबिक, रोहित 8 अक्टूबर को दोपहर में बिना बताए घर से निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बुधवार को उसका कंकाल पुल से करीब 800 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में मिला। रोहित तीन बहनों और एक छोटे भाई में सबसे बड़ा था। वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। कुछ दिन पहले ही वह गांव आया था। आसपास के लोगों के मुताबिक, उसका स्वभाव शांत था। पिता भगवानदीन ने बताया कि लापता होने से पहले रोहित किसी बात को लेकर बेचैन रहता था। इसी दौरान एक युवक का फोन आया था, जिसके बाद वह कहीं चला गया था। एसओ गौर अतुल अंजन ने बताया कि छोटे भाई ने कपड़ों से पहचान की है। कंकाल की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही पहचान की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
गौर में 42 दिन से लापता युवक का कंकाल मिला:कपड़ों से भाई ने की पहचान, पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराएगी पुलिस
और पढ़ें
BREAKING
NEWS

















