Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश शादी का झांसा देकर शोषण के आरोपी की गिरफ्तारी:सिसवा में शादी का...

शादी का झांसा देकर शोषण के आरोपी की गिरफ्तारी:सिसवा में शादी का वादा कर युवती से संबंध बनाने का आरोप, कोठीभार पुलिस ने दबोचा

सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से मुकरने के मामले में कोठीभार पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे रायपुर नहर पुलिया के पास से दबोचने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उपनिरीक्षक रत्नेश मौर्य की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
मामला कोठीभार थाना क्षेत्र की करीब 20 वर्षीय युवती से जुड़ा है। युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सिसवा कस्बे के चित्रगुप्त नगर वार्ड निवासी युवक से उसकी करीब एक वर्ष से बातचीत होती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। युवती का आरोप है कि 15 जनवरी 2026 को युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया। वहां वह बीयर लेकर पहुंचा और खुद पीने के साथ उसे भी पिलाई। इसके बाद नशे की हालत में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती के मुताबिक, विरोध करने पर युवक ने जल्द शादी करने का भरोसा दिया। इसी वादे के सहारे उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने दावा किया कि बीयर पिलाने का वीडियो भी उसके पास मौजूद है, जिसे वह पुलिस को उपलब्ध करा सकती है।
तहरीर के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई तो युवक शादी के लिए राजी हो गया। इसके बाद 5 सितंबर को शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया गया। आरोप है कि विवाह की प्रक्रिया पूरी करने की बात आई तो युवक अपने वादे से मुकर गया। युवती ने युवक के पिता और भाई पर भी उसके परिवार को गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामले में कोठीभार पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 69, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। बुधवार को मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय भेज दिया। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।