श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र के टड़वा महंत स्थित भगवान लव-कुश की जन्मस्थली सीताद्वार में मंगलवार से पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले की शुरुआत हुई। सुबह से श्रद्धालु सीता सरोवर में स्नान के लिए पहुंचे। सुबह आठ बजे के बाद भी बड़ी संख्या में लोगों ने सरोवर में डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सीताद्वार के मंदिरों में पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भखला घाट स्थित विंकटेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन-पूजन के लिए लोग पहुंचे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इसी वजह से इस पर्व को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। इस दिन पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान, दीपदान और भगवान शिव-विष्णु की पूजा का महत्व माना जाता है। पांच दिनों तक चलने वाले मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

































