एलईडी वैन से गांव-गांव पहुंचेगी सरकार की योजनाओं की जानकारी-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने कलेक्ट्रेट परिसर से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, लखनऊ द्वारा भेजी गई जागरूकता एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस एलईडी वैन का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जिले के ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में आम जनता तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि एलईडी वैन के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव पहुंचेगी। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी अब एलईडी वैन के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी। जिससे लोगों को जागरूक कर उन्हें पात्रता के आधार पर योजनाओं से जोड़ा जा सके और उन्हें लाभान्वित किया जा सके।उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) ललित कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, उपजिलाधिकारी क्रमशः प्रवीण यादव, श्रेया, निशांत उपाध्याय सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
