डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को डीएमके नेता के. आर. पेरियाकरुप्पन की उस याचिका पर सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया, जिसमें उन्होंने अप्रैल में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके उम्मीदवार आर. श्रीनिवासा सेतुपति की एक वोट से हुई जीत को चुनौती दी है।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने पेरियाकरुप्पन की अपील को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। पेरियाकरुप्पन ने मद्रास हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें सेतुपति की जीत के खिलाफ उनकी चुनाव याचिका को खारिज कर दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने सेतुपति सहित प्रतिवादियों से छह सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामे दाखिल करने को कहा। न्यायालय ने निर्देश दिया कि इस दौरान चुनाव से जुड़े सभी संबंधित रिकार्ड सुरक्षित रखे जाएं।
डीएमके नेता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अमित आनंद तिवारी ने बताया कि चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए गए थे, जिसमें पेरियाकरुप्पन एक वोट के अंतर से हार गए थे। हाई कोर्ट ने 28 सितंबर को पेरियाकरुप्पन की चुनाव याचिका खारिज कर दी थी।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
