जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत
श्रावस्ती। माननीया न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय, इलाहाबाद श्रीमती गरिमा प्रसाद जी दो दिवसीय भ्रमण हेतु गुरूवार को श्रावस्ती के निरीक्षण भवन भिनगा पहुुंची। जनपद पहुचने पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने माननीया न्यायमूर्ति महोदया का अगुवानी कर एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। यहां से पूर्व माननीया न्यायमूर्ति ने विकास खण्ड इकौना के अन्तर्गत कटरा श्रावस्ती में स्थित महामंकोल मंदिर का भ्रमण किया। तदोपरान्त इकौना स्थित ग्राम न्यायालय व आउट लाइन कोर्ट इकौना के निर्माण के लिए अधिग्रहीत भूमि में चल रहे कार्यो का निरीक्षण कर जायजा लिया। माननीया न्यायमूर्ति ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम न्यायालय के कार्यो को समयावधि में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
इसके उपरान्त माननीया न्यायमूर्ति ने क्षण प्रतिक्षण कार्यक्रम के तहत दीवानी न्यायालय भिनगा, न्यायालय में चल रहे वादों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया तथा निर्देशित किया कि वादों का निस्तारण समयान्तर्गत किया जाए। उक्त अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश दिनेश चन्द्र, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सहित न्यायालय के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी तथा अधिवक्तागण उपस्थित रहे।




















