BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home लोकल न्यूज 62वीं वाहिनी एसएसबी भिनगा एवं आपदा प्रबंधन श्रावस्ती के संयुक्त तत्वावधान में...

62वीं वाहिनी एसएसबी भिनगा एवं आपदा प्रबंधन श्रावस्ती के संयुक्त तत्वावधान में गायत्री गैस लिमिटेड इकौना एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय भिनगा में फायर मॉक ड्रिल आयोजित किया गया

श्रावस्ती। आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा एवं आपदा प्रबंधन, भिनगा-श्रावस्ती के संयुक्त तत्वावधान में गायत्री गैस लिमिटेड, इकौना एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, भिनगा में संयुक्त फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, औद्योगिक रासायनिक आपदा एवं अग्नि सुरक्षा जैसी संभावित आपातकालीन परिस्थितियों का कृत्रिम रूप से सृजन कर संबंधित टीमों द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्य, अग्निशमन, घायलों को सुरक्षित निकालने तथा प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।गायत्री गैस लिमिटेड, इकौना में औद्योगिक परिसर में संभावित आग, भूकंप एवं रासायनिक आपदा की स्थिति में बचाव एवं अग्निशमन कार्यों का अभ्यास किया गया। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, भिनगा में छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आग एवं भूकंप जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी, बचाव, प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया का अभ्यास कराया गया।
अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच संचार, समन्वय, त्वरित निर्णय एवं उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग की क्षमता का भी परीक्षण किया गया। संबंधित टीमों ने निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप समन्वित एवं तत्पर कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
इस संयुक्त मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करना, बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी बनाना तथा आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करना रहा।इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, भिनगा में 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के उप कमांडेंट श्री पीयूष सिन्हा उपस्थित रहे तथा मॉक ड्रिल की गतिविधियों का निरीक्षण किया। वहीं संयुक्त अभ्यास में उप जिलाधिकारी इकौना श्री रवेंद्र कुमार, संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा के चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार, फायर ब्रिगेड भिनगा के प्रभारी उप निरीक्षक श्री अजेंद्र सिंह, 62वीं वाहिनी से निरीक्षक श्री मनीष चौधरी सहित एसएसबी के जवान एवं विभिन्न संबंधित विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे।
दोनों स्थानों पर आयोजित मॉक ड्रिल के माध्यम से संबंधित एजेंसियों एवं प्रतिभागियों ने आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, प्रभावी बचाव-राहत एवं आपसी समन्वय की क्षमता का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय बेहतर तैयारी एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिला।