श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे पर गोरखपुर मार्ग स्थित मां दुर्गा ऑटो सेल्स एवं सर्विस की दुकान में गुरुवार शाम करीब 7 बजे आग लग गई। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है।
.
दुकान अलाम ऑटो के बगल में है। मालिक राज जायसवाल, फरेंदा के निवासी, गुरुवार को दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली।

आग से दुकान में रखे करीब 15 नए स्कूटर, 8 इलेक्ट्रॉनिक टेम्पू, दर्जनों नई बैटरियां, सैकड़ों नए टायर और अन्य पार्ट्स जल गए। दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर तेज धमाके के साथ फट गया।

सिलेंडर फटने के बाद मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। आग बुझाने के दौरान बगल की दुकान के मालिक विनोद के सिर में चोट लगी।

सूचना मिलते ही परतावल चौकी प्रभारी अनीश सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
आग से दुकान में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। चौकी प्रभारी अनीश सिंह ने बताया कि आग बुझा दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।















