- पीएम मोदी ने उनके साहस की सराहना बोले पूरा देश उनके स्वागत के लिए तैयार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर से फोन पर बातचीत कर उनका हाल जाना। इस दौरान पीएम मोदी ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि पूरा देश उनके स्वागत के लिए तैयार है। बातचीत के दौरान कैप्टन माछर भावुक हो गए और उन्होंने उड़ान के दौरान हुई घटना के बारे में प्रधानमंत्री को विस्तार से बताया।
https://x.com/ANI/status/2105913861643923915
कैप्टन माछर ने बताया कि घटना के वक्त वह नीचे गिर चुके थे, लेकिन उन्हें एहसास था कि अगर उन्होंने दोबारा उठकर स्थिति संभालने की कोशिश नहीं की तो विमान में सवार यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि वह करीब 17 वर्षों से विमान उड़ा रहे हैं और उस समय उनका पूरा ध्यान विमान को सुरक्षित रखने पर था।
माछर के मुताबिक, जब वह नीचे गिरे तो विमान भी तेजी से नीचे की ओर जा रहा था। गंभीर स्थिति के बावजूद उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वह यात्रियों को मरते हुए नहीं देख सकते थे। इस मुश्किल घड़ी में उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिसे वह नियमित रूप से पढ़ते हैं।
प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन माछर ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री खुद उनसे बात करेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के फोन से उनका हौसला बढ़ा है और उन्हें गर्व महसूस हो रहा है।
पीएम मोदी ने बढ़ाया हौसला
कैप्टन माछर के भावुक होने पर पीएम मोदी ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में भावुक होना स्वाभाविक है। उन्होंने माछर की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद कठिन हालात में धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया।
प्रधानमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि देशवासी उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने सऊदी अरब की सरकार का भी आभार जताया और कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ है।
पीएम मोदी ने कहा कि संकट के दौरान कैप्टन माछर ने कुछ ही क्षणों में महत्वपूर्ण निर्णय लिया और कई लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि भारतीय दूसरों की जान बचाने और मानवता की सेवा में विश्वास रखते हैं।
फ्लाईदुबई की उड़ान में हुआ था विवाद
यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित माछर और सह-पायलट के बीच कथित तौर पर झड़प हुई। इस दौरान माछर घायल हो गए और विमान की ऊंचाई में तेजी से गिरावट दर्ज की गई।
आपात स्थिति को देखते हुए विमान को सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे पर उतारा गया। विमान में बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। घटना के बाद कैप्टन माछर का इलाज कराया गया और पूरे मामले की जांच की जा रही है।












































