सिसवा विकासखंड कार्यालय के महाराणा प्रताप सभागार में चल रहे छह दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के पांचवें दिन शुक्रवार को सेवा सेतु अभियान कैंप मेले का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों से सजे मेले में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के साथ कृषि, स्वास्थ्य, पोषण और महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला महामंत्री प्रभाकर द्विवेदी ने किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की उपयोगिता बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे मिलती है और पात्र लोगों को उनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी ने की। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं की भागीदारी को ग्रामीण विकास से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। कैंप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श दिया गया। बाल विकास परियोजना के स्टॉल पर आंगनबाड़ी संघ की ब्लॉक अध्यक्ष आएशा बेगम ने पोषाहार सहित बाल विकास और महिला-बाल स्वास्थ्य से जुड़े विषयों की जानकारी दी। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को संबंधित योजनाओं की पात्रता और उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया। अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ स्वास्थ्य गोष्ठी और विभागीय स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि प्रभाकर द्विवेदी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सेवाओं और ग्रामीणों को दी जा रही जानकारी का जायजा लिया। कार्यक्रम में नागेंद्र मल्ल, राजू सिंह, राममिलन गुप्ता, मनोज जायसवाल, वैष्णो सोनी और मनोनीत सभासद मुन्ना गोंड सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अविनाश सिंह, ब्लॉक समुदाय प्रबंधन प्रदीप चौरसिया, आईसीडीएस से मीनाक्षी, फार्मासिस्ट अभिमन्यु नायक, मयंक पांडेय, सरविन्द राव, शिला शर्मा, निर्मला शर्मा, मोहनी, नीतू, सुरेश राय समेत आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। संचालन एडीओ आईएसबी सुजीत गोंड ने किया।
सिसवा में योजनाओं की जानकारी, महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह:सेवा संकल्प अभियान में लगा विभागीय कैंप मेला
और पढ़ें
संबंधित खबरें












































