नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार (2 अक्टूबर) को कई संगठनों द्वारा प्रदर्शन की घोषणा के मद्देनज़र राजधानी में केंद्रीय बलों और अन्य अर्धसैनिक बलों की कंपनियों समेत करीब 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची में किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
एक अधिकारी ने मीडिया को बताया, ‘जिला पुलिस बल, रिजर्व फोर्स, रैपिड एक्शन फोर्स और अन्य अर्धसैनिक बलों को बुलाया गया है।’ उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 20 कंपनियां भी तैनात की जाएंगी
प्रदर्शनों के मद्देनज़र जंतर मंतर के आसपास के इलाक़ों में इंटरनेट सुविधा बंद कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को सूचित किया कि राजधानी के 11 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
एक अलग आदेश में बारहखंबा मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया है। इस साल यह चौथी बार है जब सरकार के डर के चलते शहर के लोगों को सार्वजनिक परिवहन और सड़क सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में राजधानी में हुए छात्र प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के मामले में दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया था।
यात्रा की गाइड और यात्रा की जानकारी
दिल्ली पुलिस ने इससे पहले गुरुवार (1 अक्टूबर) को कहा था कि इस सप्ताह जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए किसी भी संगठन को अनुमति नहीं दी गई है। दिल्ली पुलिस ने एक पोस्ट में नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू होने का ऐलान किया है. इसके तहत 5 या उससे अधिक लोगों की एक जगह पर मौजूदगी ग़ैर कानूनी होती है.।
प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू होना था। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (अईसा) ने कहा है कि वह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी। 28 सितंबर को अईसा के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष नेहा बोरा की अगुवाई में शुक्रवार सुबह 11 बजे प्रस्तावित प्रदर्शन की सूचना संसद मार्ग थाने में दी थी।
सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो आ रहे हैं, जिसमें सुरक्षाबल प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन स्थल जाने से रोकते दिख रहे हैं। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेडिंग के इर्द-गिर्द घूमते नज़र आ रहे हैं। पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबरें भी सामने आ रही है। पुलिस ने राष्ट्रीय जनता दल सांसद मनोज झा को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने कहा है कि इंडियन यूथ कांग्रेस ने भी जंतर-मंतर पर नए प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि पुलिस को जंतर-मंतर पर ‘बड़ी संख्या में’ प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की उम्मीद है। अधिकारियों ने ‘अतिरिक्त बल’ की तैनाती के लिए गृह मंत्रालय से संपर्क किया है।
दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड और संसद मार्ग से लेकर जंतर-मंतर तक कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है। पूरे प्रदर्शन स्थल को दोनों तरफ से, टॉल्स्टॉय मार्ग और केरल भवन की ओर से, बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है. अशोक रोड के पास भी बैरिकेडिंग की गई है।











































