*सम्बन्धित विभागीय अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करें-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती, 01 अक्टूबर, 2026। सू0वि0। जनपद में 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होने बताया कि प्रातः 09 बजे कलेक्ट्रेट परिसर सहित सभी सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया जायेगा। इसके अलावा सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों पर महात्मा गांधी एवं शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया जायेगा तथा उनके जीवन संघर्ष, देश सेवा, जीवन मूल्यों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करें।
इसके अलावा जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें प्रातःकाल 06ः30 बजे क्रासकंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। सभी विकास खण्ड मुख्यालयों पर स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के स्मारकों पर पुष्पांजलि व श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सभी विकास खण्डों पर साक्षरता समितियों द्वारा विकास खण्ड स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। उक्त के अतिरिक्त सभी ग्राम पंचायतों की खुली बैठक करके स्वच्छता, रोजगार सृजन, पेंशन योजनाओं तथा शासन के अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों से जनसाधारण को अवगत कराया जाये। यह कार्यकम ग्राम पंचायत स्तर पर सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों के पर्यवेक्षण में सम्पादित कराया जाये व मलिन बस्तियों की साफ-सफाई अधिशाषी, नगर पंचायत एवं परियोजना निदेशक, डूडा द्वारा सम्पादित कराया जायेगा। पूर्णतया मद्यनिषेध रखा जाय तथा समस्त कार्यालयों एवं शिक्षण कार्यालयों में उपस्थित सुनिश्चित करायी जाय। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव व निशांत उपाध्याय सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण व कर्मचारी उपस्थित रहे।










































