सुल्तानपुर: धार्मिक भावनाओं की मर्यादा एवं आस्था की गरिमा बनाए रखने की मांग को लेकर कटका क्लब सामाजिक संस्था और मिशन जारी टीम के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को लिखित ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम की अगुवाई संस्था अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने की। प्रतिनिधिमंडल ने धार्मिक आयोजनों में देवी-देवताओं के स्वरूप धारण कर किए जाने वाले नृत्य और आपत्तिजनक झांकियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई।
डॉ. सौरभ मिश्र ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में देवी-देवताओं के स्वरूप एवं धार्मिक प्रतीकों की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुछ प्रस्तुतियों से समाज के एक वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। ऐसे आयोजनों में मर्यादा और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
Also Read: UP में मौसम का बदला मिजाज, बढ़ने लगी मौसमी बीमारियां, बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए ऐसे आयोजनों पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा धार्मिक प्रतीकों की गरिमा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई कि देवी-देवताओं के भेष में सार्वजनिक रूप से किए जाने वाले नृत्य एवं आपत्तिजनक प्रदर्शनों पर रोक लगाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों, आयोजकों अथवा संबंधित संस्थाओं के विरुद्ध प्रचलित कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन को ऐसे आयोजनों की निगरानी करने और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी करने की मांग की गई।
संस्था ने प्रदेश स्तर पर धार्मिक आस्था की गरिमा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू किए जाने पर भी जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल में कथा वाचक शनि मिश्र, प्रांजल मिश्र, बृजेंद्र मिश्र, मोनू यादव, धीरेन्द्र कुमार, महेंद्र सिंह, शिव कुमार और शिवाकांत यादव शामिल रहे।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं







































