BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में नाबालिगों के शोषण मामले में दो आरोपी गिरफ्तार:डांस पार्टी के...

श्रावस्ती में नाबालिगों के शोषण मामले में दो आरोपी गिरफ्तार:डांस पार्टी के नाम पर महाराष्ट्र से लाई गई थीं, किराये के मकान में छिपे थे आरोपी

0
0

श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र में डांस पार्टी के नाम पर महाराष्ट्र से लाई गईं दो नाबालिग लड़कियों के शोषण के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। आरोपियों को गिलौला-लक्ष्मननगर मार्ग पर गन्ना कांटा मिल के पास स्थित एक किराये के मकान से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रावस्ती के कानीबोझी निवासी असलम और बलरामपुर के देवीपाटन निवासी मारूफ के रूप में हुई है। किराये के मकान में छिपे थे आरोपी सोनवा पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद दोनों आरोपी गिलौला-लक्ष्मननगर मार्ग पर गन्ना कांटा मिल के पास किराये के मकान में छिपे हैं और वहां से भागने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डांस पार्टी में काम के नाम पर लाई गई थीं लड़कियां पुलिस के मुताबिक, यह मामला 4 सितंबर 2026 को एएचटी/विशेष किशोर पुलिस इकाई की समीक्षा बैठक के बाद डांस पार्टियों और आर्केस्ट्रा की पहचान के दौरान सामने आया था। एनजीओ की संयुक्त टीम को जानकारी मिली थी कि सोनवा क्षेत्र में महाराष्ट्र से दो नाबालिग लड़कियों को डांस पार्टी में काम कराने के लिए लाया गया है। सूचना के बाद पुलिस और एनजीओ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया था। बहला-फुसलाकर यूपी लाने का आरोप पूछताछ में लड़कियों ने पुलिस को बताया था कि उन्हें महाराष्ट्र से बहला-फुसलाकर डांस और दूसरे काम कराने के लिए उत्तर प्रदेश लाया गया था। आरोप है कि उन्हें कम पैसे देकर काम कराया जा रहा था और उनका शारीरिक व मानसिक शोषण किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों नाबालिगों को बाल कल्याण समिति, भिनगा के सामने पेश किया गया। समिति के आदेश पर दोनों को सुरक्षा के लिए वन स्टॉप सेंटर, भिनगा भेजा गया। दर्ज हुआ केस इस मामले में सोनवा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026 के तहत धारा 143(5) बीएनएस में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।