सिंदुरिया थाना क्षेत्र के सोनवल गांव में शुक्रवार को खेत में पराली जलाते समय 60 वर्षीय जितई कसौधन आग और धुएं की चपेट में आ गए। झुलसने और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
जितई गांव के दक्षिण स्थित सिवान में कंबाइन से धान कटाई के बाद खेत में बचे अवशेष जलाने गए थे। तेज हवा चलने से आग की लपटें और धुआं फैल गया। उनकी सांस घुटने लगी और वे खेत में गिरकर झुलस गए।
आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने उन्हें गिरा देखा और बचाने के लिए दौड़े। परिजन एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जितई की पत्नी नथुनी और बहू मधुलता कसौधन हैं। उनका इकलौता बेटा सुरेंद्र रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में रहता है। पिता की मौत की खबर मिलने पर वह घर के लिए रवाना हो गया।
BREAKING
NEWS












