गिलौला। विद्युत पोल खड़ा करने के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले दो लोगों के परिजनों से बृहस्पतिवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी ने मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजनों को ढाढ़स बंधाया और हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। डीएम ने कहा कि घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
डीएम और एसपी गिलौला विकासखंड की ग्राम पंचायत मोहम्मदापुर पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में मृत सचिन मिश्रा (20) के परिजनों से घटना की जानकारी ली और परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में जाना। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मृतक वेद प्रकाश पाठक की पत्नी पूनम और उनके बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। गांव में फैले बिजली के तारों के मकड़जाल और आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने एक्सईएन को ढीले तार तत्काल कसवाने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन दोनों मृतकों के परिवारों के साथ है और उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घटना की जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रथम दृष्टया गिलौला विद्युत उपकेंद्र में तैनात एसडीओ, जेई और लाइनमैन समेत चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026






















