Home उत्तर प्रदेश लकड़ी के पायट से गिरकर घायल मजदूर की मौत:बस्ती में इंजेक्शन के...

लकड़ी के पायट से गिरकर घायल मजदूर की मौत:बस्ती में इंजेक्शन के बाद हालत बिगड़ने का आरोप

बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के गूदी गांव में मजदूरी कर रहे 28 साल के अजीत पुत्र रामचरन की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को वह अपने गांव में ही काम करते समय शाम करीब 4 बजे लकड़ी के पायट से गिरकर घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें गूदी चौराहे पर स्थित एक झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने अजीत को कुछ इंजेक्शन दिए, जिसके बाद उनके मुंह से झाग आने लगा। हालत बिगड़ने पर परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल बस्ती ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अजीत को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मुंडेरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष मुंडेरवा विसमोहन राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। मृतक अजीत दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका छोटा भाई संदीप अलग रहता है। अजीत की मां का निधन पहले ही हो चुका है। उनके घर में पत्नी खुशबू और तीन बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा पुष्टम (12 साल), बेटी रिया (10 साल) और बेटा वीर (6 साल) शामिल हैं। पिता की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट आ गया है। पत्नी खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं छोटा बेटा वीर बार-बार अपने पिता के पास जाने की जिद कर रहा है। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे मृतक का पोस्ट मार्टम हुआ l

संबंधित खबरें
Posts by mntnewsbharat
@mntnewsbharat
Follow @mntnewsbharat