
उत्तर प्रदेश के विक्रमजोत ब्लॉक की अमोढ़ा खास ग्राम पंचायत में ग्रामीणों को वाटर हेड टैंक से कई महीनों से पानी नहीं मिल रहा है। यह टंकी करीब 148.5 लाख रुपये की लागत से 2012-13 में बनाई गई थी। जल निगम विभाग ने पेयजल योजना के तहत 400 kL क्षमता का यह जलाशय अमोढ़ा गांव में पानी की सप्लाई के लिए स्थापित किया था। अमोढ़ा पानी टंकी के ऑपरेटर इश्तियाक अली के अनुसार, मोटर हाउस में तकनीकी खराबी है। विभाग ने कई महीने पहले क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक करने की बात कही थी, लेकिन अभी तक सप्लाई चालू नहीं हो पाई है। अमोढ़ा के लोनियापार पुरवे के ग्रामीण रामचंदर चौहान ने बताया कि उनके घर के सामने टोटी लगी है। जब पाइपलाइन बिछाई गई थी, तब एक सप्ताह तक पानी आया था। उसके बाद आज कई महीनों से टोटी में पानी नहीं आ रहा है। सप्लाई का पानी न मिलने से ग्रामीण देशी नल के पानी का उपयोग कर रहे हैं।










































