BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश गणेश महोत्सव में मां काली की झांकी:श्रावस्ती में देर रात तक उमड़े...

गणेश महोत्सव में मां काली की झांकी:श्रावस्ती में देर रात तक उमड़े श्रद्धालु, दिखा भक्ति-शक्ति का संगम

श्रावस्ती के लक्ष्मण नगर में चल रहे श्री गणेश पूजा महोत्सव में इस बार भक्ति और शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गणेश पंडाल में भगवान गणेश के साथ मां काली की भव्य और दिव्य झांकी सजाई गई। देर रात तक इसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। पंडाल को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मां काली का रौद्र और करुणामय रूप देखकर श्रद्धालु भावुक हो गए। हाथ में खड्ग लिए और गले में मुंडमाला पहने मां काली की झांकी ऐसी सजी थी कि हर कोई जयकारा लगाने से खुद को रोक नहीं पाया। गणपति बप्पा की मनमोहक प्रतिमा भी भक्तों को खूब पसंद आई। झांकी के दौरान कलाकारों ने भक्ति भजन और मां काली के स्वरूप की लीलाएं प्रस्तुत कीं। इससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। महिलाओं और बच्चों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर भक्ति नृत्य किया। आयोजन समिति रोज शाम को आरती और प्रसाद बांटने का इंतजाम करती है। स्थानीय आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि लक्ष्मण नगर में हर साल गणेश पूजा बड़े उत्साह से मनाई जाती है। इस बार खास तौर पर मां काली की झांकी लगाई गई है। इसका मकसद लोगों तक भक्ति के साथ-साथ शक्ति की आराधना का संदेश पहुंचाना है। देर रात तक चले इस आयोजन में लक्ष्मण नगर और आसपास के गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। पूरे इलाके में “जय माता दी” और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गूंजते रहे।