सोनौली कस्बे में दुकानदारों ने फुटपाथों पर कब्जा कर लिया है। दुकानों के बोर्ड और सामान फुटपाथ पर रखे जा रहे हैं, जिससे पैदल चलने वालों को सड़क पर चलना पड़ता है। सड़क किनारे बाइक और कार पार्क होने से भी जाम की समस्या बढ़ गई है। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा अतिक्रमण सोनौली मुख्य गेट से रोडवेज बस स्टेशन के गेट तक है। इस अतिक्रमण के कारण सोनौली के राम जानकी मंदिर चौराहा, कस्टम बैरियर और नगर पंचायत कार्यालय रोड चौक पर गाड़ियों का भारी जाम लग जाता है। यह जाम कभी-कभी दो से तीन घंटे तक रहता है। इससे गाड़ियों की दो से तीन किलोमीटर लंबी कतार लग जाती है। क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि सोनौली में अतिक्रमण और जाम की समस्या खत्म करने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि कस्बे में राहगीरों को चलने में दिक्कत न हो। मनोज मद्धेशिया ने कहा कि सोनौली कस्बे में घुसते ही जाम का सामना करना पड़ता है। फुटपाथों और सड़क पर खड़ी गाड़ियां जाम को और बढ़ा रही हैं। अगर प्रशासन समय रहते अतिक्रमण हटाए, तो हालात सुधर सकते हैं। अनंत जायसवाल ने बताया कि फुटपाथ पर दुकानदारी और सामान रखने की वजह से लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है। इससे न सिर्फ जाम बढ़ता है, बल्कि हादसे का भी खतरा बना रहता है। उन्होंने पुलिस से अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। शाहलम खान के अनुसार, सोनौली की ट्रैफिक व्यवस्था बहुत खराब है। जाम के कारण लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ता है। दुकानदारों का फुटपाथ पर कब्जा और गाड़ियों की अवैध पार्किंग हालात को और बिगाड़ रही है। अहद खान ने भी इसी बात पर जोर दिया कि सोनौली में हर रोज जाम और अतिक्रमण से हालात बदतर होते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित करने की अपील की।




































