जसवंतनगर: काशीराम कॉलोनी में बदहाल सफाई और पेयजल व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों के बयान ही व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कॉलोनी में गंदगी और जलभराव से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 300 से अधिक आबादी प्रभावित है और 35 से 40 लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारी को लेकर विभागों के बीच गेंद एक-दूसरे के पाले में जाती दिखाई दे रही है।
कॉलोनी की नालियां और गटर बंद हैं। शौचालयों की गंदगी सड़कों पर बहने से दुर्गंध और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण बीमारी का खतरा बढ़ गया है।
Also Read: हाथरस में थार सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे दो युवक, 4 आरोपी गिरफ्तार
पेयजल व्यवस्था भी बदहाल बताई जा रही है। कॉलोनी में लगे पांच हैंडपंपों में तीन लंबे समय से खराब हैं। पानी की टंकी की सफाई न होने और गंदा पानी आने की शिकायत भी सामने आई है। मजबूरी में लोग नगला खुमान से पानी लाकर पीने को मजबूर हैं।
नगर पालिका ईओ श्याम वचन सरोज ने कहा कि कॉलोनी अभी तक डूडा ने नगर पालिका को हैंडओवर नहीं की है, इसलिए समस्या डूडा देखेगा। वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें बीमारी की सूचना नहीं मिली थी, टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
सवाल यह है कि जब विभाग जिम्मेदारी तय करने में लगे हैं, तब बीमारी से परेशान गरीब परिवारों की सुध कौन लेगा?
The post UP: काशीराम कॉलोनी की बदहाल सफाई व्यवस्था, 35-40 लोग बुखार की चपेट में… appeared first on Breaking Tube.






























