
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने तुलसीपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, बैरक, मालखाना, मिशन शक्ति केंद्र और सीसीटीएनएस कार्यालय सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों व अभिलेखों का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस प्रकरणों और लंबित अभियोगों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी प्रकरणों में नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा पीड़ित व शिकायतकर्ता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वांछित व वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया गया। महिला एवं बाल संबंधी अपराधों में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर और अभिलेखों की स्वच्छता, अनुशासन तथा पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, प्रभारी निरीक्षक थाना तुलसीपुर सुधीर सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



























