
महराजगंज के खुड़री गांव में खेत में काम कर रहे विजय बहादुर (पिता राम हरख) को गुरुवार को एक कोबरा सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तुरंत महराजगंज जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल, डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि विजय बहादुर की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं। जिला अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर ओमप्रकाश पटेल ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि मरीज को सांप काटने के बाद अस्पताल लाया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू इलाज में समय बर्बाद न करें और मरीज को तुरंत पास के अस्पताल ले जाएं। डॉक्टर ओमप्रकाश पटेल ने यह भी बताया कि गुरुवार सुबह से दोपहर करीब दो बजे तक जिला अस्पताल में सांप काटने के लगभग तीन मरीज इलाज के लिए आ चुके हैं। लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद ग्रामीण इलाकों में खेतों और आसपास काम करते समय खास सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
































