Home उत्तर प्रदेश इटैहिया गांव में बाढ़ का पानी निकला, गंदगी फैली:कीचड़ से संक्रामक रोगों...

इटैहिया गांव में बाढ़ का पानी निकला, गंदगी फैली:कीचड़ से संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ा, ग्रामीणों ने छिड़काव की मांग की

0
7


हरैया सतघरवा के ललिया थाना क्षेत्र के इटैहिया गांव से पहाड़ी नाला हेगहा का पानी उतर गया है। गांव और परिषदीय विद्यालय परिसर से पानी खत्म हो गया है। हालांकि, मुख्य सड़कों और विद्यालय के बाहर अब भी कीचड़ फैला है, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी नाले का पानी गांव में ज्यादा देर नहीं रुकता और तीन से चार घंटे में निचले इलाकों की ओर निकल जाता है। पानी उतरने के बाद जगह-जगह जमा कीचड़ से गंदगी फैल गई है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीण शिवकुमार वर्मा, तिलकराम, जलालुद्दीन, अनवर खान, शमशेर अली, रोज अली और इमामुद्दीन ने बताया कि बीते सोमवार को जिलाधिकारी ने गांव का निरीक्षण किया था। उन्होंने पीड़ितों को ह्यूम पाइप डालने और सड़क पर डिप बनाने के निर्देश दिए थे। प्रधान प्रतिनिधि राम जागे गुप्ता ने बताया कि डीएम के निर्देश पर जेसीबी से खुदाई की गई है। गांव में अब पानी नहीं फैला है, लेकिन ह्यूम पाइप और डिप सड़क का काम अभी शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों के सहयोग से बांस-बल्ली का एक अस्थायी पुल बनाया गया है। गांव के सुरेश गौतम और राजेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि परिषदीय विद्यालय के आसपास और पहले जहां पानी भरा था, उन जगहों पर जल्द ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए। इससे संक्रमण फैलने से रोका जा सकेगा। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा के अधीक्षक डॉ. सुजीत पांडेय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव सहित संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here