
बलरामपुर में सेंट जेवियर्स डिज्नी वर्ल्ड स्कूल में किंडरगार्टन के बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर स्कूल परिसर में कृष्ण भक्ति और उत्सव का माहौल था। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के पूजन से हुई। इसके बाद राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने सुंदर प्रस्तुतियां दीं। छोटे कान्हाओं के सिर पर मोर मुकुट, हाथों में बांसुरी और बालिकाओं की राधा के रूप में सजावट ने सभी का ध्यान खींचा। बच्चे श्रीकृष्ण और राधा के रूप में सजकर स्कूल पहुंचे थे। मोर मुकुट, बांसुरी और सुंदर पोशाक में सजे इन बच्चों ने सबका मन मोह लिया। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित गीत ‘कृष्णा है’ पर नृत्य किया। इसके बाद ‘मच गया शोर सारी नगरी में’ गीत पर बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। उनकी मासूम अदाओं और तालमेल ने वहां मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा मटकी फोड़ प्रतियोगिता थी। शिक्षिकाओं ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं और प्रेम, मित्रता, सत्य व धर्म के महत्व के बारे में सरल तरीके से बताया। इस आयोजन से बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। स्कूल की निदेशिका श्रीमती इशिका कुमार ने बच्चों की प्रस्तुतियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और भारतीय संस्कारों के प्रति सम्मान बढ़ाते हैं। स्कूल की समन्वयक ने भी बच्चों और शिक्षिकाओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी के प्रयासों की तारीफ की। कार्यक्रम के आखिर में बच्चों को टॉफी बांटी गई। ‘जय श्री कृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से स्कूल परिसर भक्तिमय हो गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत यह जन्माष्टमी समारोह सभी के लिए आनंद और उत्साह से भरा एक यादगार मौका बन गया।
Home उत्तर प्रदेश श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया:बलरामपुर में राधा-कृष्ण बनकर...































