
श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत महादेवा नासिरगंज काला में मुख्य संपर्क मार्ग बुरी तरह कटा पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह पानी जमा होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों की बारिश के बाद सड़क पूरी तरह टूट गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों और महिलाओं को इससे सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई बाइक सवार भी फिसलकर गिर चुके हैं। स्थानीय निवासी बबलू खान ने बताया कि यह सड़क गांव को मुख्य बाजार से जोड़ती है। यह महीनों से ऐसी ही कटी पड़ी है। उन्होंने प्रधान और ब्लॉक में शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। एक अन्य ग्रामीण बाराती खान ने कहा कि जमा पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारी फैलने का डर है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीण रियासत शाह ने बताया कि जलभराव के कारण नाली का गंदा पानी सड़क पर आ गया है। इससे बदबू आ रही है और आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से छुटकारा मिल सके।





























