Home उत्तर प्रदेश उर्रा CHC के पास 11000 वोल्ट की लाइन खतरनाक:तार नीचे लटकने से...

उर्रा CHC के पास 11000 वोल्ट की लाइन खतरनाक:तार नीचे लटकने से एंबुलेंस नहीं निकल पा रही, हादसे का डर

0
4


बहराइच के उर्रा, मोतीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के मुख्य गेट के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन स्थानीय लोगों और मरीजों के लिए खतरा बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां लगा बिजली का पोल काफी पुराना और झुका हुआ है। 11 हजार वोल्ट की लाइन के तार इतने नीचे लटक रहे हैं कि करंट आने पर वे और नीचे झूल जाते हैं। इस वजह से एंबुलेंस भी इस रास्ते से नहीं गुजर पाती है। कई बार मरीजों को लेकर एंबुलेंस को दूसरा लंबा रास्ता लेना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी होती है। ग्रामीणों के अनुसार, इस जगह पर कई बार तार टूटकर जमीन पर गिर चुका है। हालांकि, अभी तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन हर समय करंट लगने का डर बना रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और CHC आने वाले मरीजों को इससे सबसे ज्यादा खतरा है। बरसात के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है। मौके पर एक पोल पहले से लगा हुआ है, लेकिन बिजली विभाग ने उसे आज तक ठीक नहीं किया और न ही तार को ऊंचा किया है। ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग और अधिकारियों से शिकायत की है। हालांकि, उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है और कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस जर्जर पोल को बदलकर नया पोल लगाया जाए। साथ ही, 11 हजार वोल्ट की लाइन को ऊंचा किया जाए, ताकि एंबुलेंस की आवाजाही आसान हो सके और किसी हादसे को टाला जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here