
पेहर बाजार। क्षेत्र में एक भव्य जागरण का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। सांवरिया ग्रुप लखनऊ के भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं, जिससे श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। जागरण स्थल पर देर रात तक भक्तों की भीड़ लगी रही। ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते दिखे। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई। आयोजकों ने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की थी। जागरण के दौरान पूरे इलाके का माहौल भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ हुआ। आज जन्माष्टमी की रात हनुमानगढ़ी मंदिर छपिया से पेहर दुर्गा माता मंदिर तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर संदीप मौर्य, प्रवेश यादव, विशाल यादव, विजय मौर्य और सोनू समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
































