
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ है। इसमें दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। शिकारी चौड़ा के गणेशपुर गांव के राम बहादुर वर्मा (39) और मिंटू वर्मा (16) अपनी मोटरसाइकिल से इंडो-नेपाल बॉर्डर की ओर जा रहे थे। इसी समय मल्हीपुर थाना क्षेत्र के कानीबोझी गांव के शज्जाद (30) अपनी बाइक से कानीबोझी चौराहे की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने तेज टक्कर हो गई। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर पंकज सोनकर ने उनका शुरुआती इलाज किया। इसके बाद तीनों को संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया।































