
श्रावस्ती जिले के नासिरगंज बाजार के मेन रोड पर पिछले कई दिनों से एक बड़ा गड्ढा बना हुआ है। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। बारिश के बाद गड्ढे में पानी भर जाने से यह और भी खतरनाक हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गड्ढे की वजह से रोजाना छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। बाइक सवार और ई-रिक्शा चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी जाबिर अली ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी इस गड्ढे को ठीक नहीं किया गया है। रात में यह दिखाई भी नहीं देता, जिससे दुर्घटना का डर बना रहता है। वहीं, दूसरे स्थानीय दुकानदार मोहम्मद आरिफ ने कहा कि मेन रोड होने की वजह से यहां दिनभर भीड़ रहती है। गड्ढे के कारण जाम लग जाता है और ग्राहकों को दुकान तक आने में भी परेशानी होती है। एक अन्य ग्रामीण सुनील मिश्रा ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस गड्ढे को भरवाकर सड़क की मरम्मत कराई जाए। इससे लोगों को राहत मिल सकेगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।































