Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश दुबौलिया के चमारिया माई मंदिर में लगा पारंपरिक मेला:हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के...

दुबौलिया के चमारिया माई मंदिर में लगा पारंपरिक मेला:हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे, हर मंगलवार को होता है आयोजन

बस्ती के दुबौलिया थाना क्षेत्र के मौजपुर स्थित प्रसिद्ध चमारिया माई मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां प्रत्येक मंगलवार को मेले का आयोजन होता है, जिसमें बस्ती जिले के अलावा आसपास के जनपदों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। माता के प्रति लोगों की गहरी आस्था के चलते मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों की भीड़ लगी रहती है। मंगलवार को सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। भक्त हाथों में प्रसाद, फूल और चुनरी लेकर माता के दरबार में पहुंचते हैं। विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर भविष्य की कामना करते हैं। मंदिर परिसर में लगने वाले मेले में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहता है। मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु अशोक ने बताया कि वह प्रत्येक मंगलवार को माता के दरबार में हाजिरी लगाने आते हैं। उन्होंने कहा कि माता के प्रति उनकी गहरी आस्था है। माता के आशीर्वाद से उनकी कई मनोकामनाएं पूरी हुई हैं। इसी विश्वास के चलते वह नियमित रूप से मंदिर आते हैं और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हैं। वहीं श्रद्धालु दिग्विजय ने बताया कि चमारिया माई मंदिर के प्रति लोगों में अटूट श्रद्धा और विश्वास है। मान्यता है कि सच्चे मन से माता के दरबार में अर्जी लगाने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रत्येक मंगलवार को लगने वाला मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि चमारिया माई के प्रति लोगों की आस्था लगातार बनी हुई है।