Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश कार्तिक पूर्णिमा पर सीताद्वार झील में लगी  आस्था की डुबकी ।मेले में ...

कार्तिक पूर्णिमा पर सीताद्वार झील में लगी  आस्था की डुबकी ।मेले में  रौनक और खरीदारी का उल्लास

  झील में बोटिंग से लेकर झूलों तक रहा आकर्षण।
इकौना – पौराणिक मान्यताओं और आस्था की विरासत सीताद्वार में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही पौराणिक झील के स्नान घाटों पर स्नानार्थियों की कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने झील में पुण्य की डुबकी लगाकर आचमन किया और मां सीता मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रसाद चढ़ाया। पंडों को दान-दक्षिणा देकर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। पूरे क्षेत्र में भक्ति, परंपरा और मेले के उल्लास का अनूठा संगम दिखाई दिया। स्नान व दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले की रौनक का आनंद लिया। झील में बोटिंग आकर्षण का केंद्र रही तो बच्चों और युवाओं में इलेक्ट्रॉनिक झूलों को लेकर खासा उत्साह दिखा। खिलौनों, सौंदर्य प्रसाधनों, कृषि उपकरणों और घरेलू उपयोग के सामान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। महिलाओं ने जहां जरूरत और पसंद के सामान की खरीदारी की, वहीं बच्चों ने खिलौनों और झूलों का आनंद उठाया। फास्ट फूड स्टालों पर भी बच्चों और महिलाओं की भीड़ जुटी रही। मेले में खानपान से लेकर मनोरंजन तक हर उम्र के लोगों के लिए आकर्षण मौजूद रहा।
सुरक्षा और सुविधा पर रही निगरानी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में जगह-जगह सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रही। भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी गई। मेले के दौरान परिजनों से बिछड़े बच्चों को खोया-पाया केंद्र की मदद से सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया गया। इससे अपनों से बिछड़ने की चिंता में परेशान परिजनों को राहत मिली।
कार्तिक पूर्णिमा पर सीताद्वार का मेला धार्मिक आस्था के साथ लोकजीवन, परंपरा, मनोरंजन का आनन्द लिया।