Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश डंपर ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी: महिला की मौत, चार लोग...

डंपर ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी: महिला की मौत, चार लोग घायल; चालक वाहन लेकर फरार – Shravasti Road Accident

श्रावस्ती के जमुनहा-बहराइच मार्ग पर खनवापुर के पास रविवार को डंपर ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में 48 वर्षीय मैना की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।

.

मैना बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र के निबिया हुसैनपुर की रहने वाली थीं। वह पति लल्लन, एजाज (22) और जैद (14) के साथ मोटरसाइकिल से श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भलुइहा गांव गई थीं। वे बीमार रिश्तेदार को देखकर घर लौट रहे थे।

दूसरी मोटरसाइकिल पर बदला चौराहे पर दुकान करने वाले पप्पू विश्वकर्मा पुत्र बैधु प्रसाद और उनकी पत्नी नेहा विश्वकर्मा बहराइच की ओर जा रहे थे। खनवापुर के पास पीछे से आए डंपर ने दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद सभी मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गए। मैना डंपर के पहिए के नीचे आ गईं और उनका सिर कुचल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर बदला चौकी प्रभारी चंदन प्रजापति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस से चारों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा।