श्रावस्ती जिले के भिनगा, इकौना और जमुनहा क्षेत्रों में चल रहे गणेश महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को पूजा पंडाल श्रद्धालुओं से भरे रहे। मंगलवार देर शाम 8:00 बजे के बाद देर रात्रि तक पंडालों में सजी सुंदर झांकियां लोगों को खूब पसंद आईं। भगवान गणेश के अलग-अलग रूपों को देखने के लिए आसपास के इलाकों से भी काफी लोग पहुंचे। इससे पहले सोमवार रात कई जगहों पर मंत्रों के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाएं पंडालों में स्थापित की गईं। पूरी विधि से पूजा के बाद बप्पा की आंखों पर बंधी पट्टी हटाई गई। इसके बाद आरती कर प्रसाद बांटा गया। मंगलवार को सुबह और शाम श्रद्धालुओं ने एक साथ गणेशजी की आरती और पूजा की। मंगलवार देर शाम से कई पूजा पंडालों में गणेशजी की सुंदर झांकियां दिखाई गईं। आकर्षक सजावट और रोशनी से सजे पंडालों में भक्ति गीतों और भजनों की गूंज से माहौल भक्ति से भर गया। बच्चों और युवाओं ने भी भजन-कीर्तन में जोश के साथ हिस्सा लिया। जिले भर के पूजा पंडाल मे गणेश महोत्सव के दूसरे दिन भगवान गणेश के साथ माता ऋद्धि और सिद्धि की भी पूजा हुई। आयोजकों के अनुसार, दस दिवसीय महोत्सव के दौरान हर दिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पंडित सुधाकर शर्मा ने बताया कि गणेश चतुर्थी भगवान गणेश को समर्पित त्योहार है। सनातन परंपरा में भगवान गणेश को सबसे पहले पूजे जाने वाले देवता माना गया है। कोई भी शुभ काम शुरू करने से पहले गणेशजी की पूजा करने का रिवाज है।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ श्रावस्ती में पंडालों में विराजे बप्पा:गणेश महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति गीतों...



















