सिद्धार्थनगर के जोगिया क्षेत्र में बभनी चौराहे से पश्चिम की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह खराब हो गई है। सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे आधा दर्जन से ज्यादा स्कूलों के बच्चों और राहगीरों को बहुत परेशानी होती है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर काफी गुस्सा है। उनका कहना है कि इस रास्ते से अधिकारी और नेता भी गुजरते हैं, लेकिन उन्हें सड़क की खराब हालत नहीं दिखती। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर सड़क ठीक नहीं हुई, तो आने वाले चुनाव में वे इसका जवाब देंगे। लोगों ने बताया कि इस खराब रास्ते से गुजरने वाले राहगीर और छात्र रोज चोटिल होते रहते हैं। इस सड़क की मरम्मत कई सालों से नहीं हुई है। स्थानीय दुकानदारों ने भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क खराब होने की वजह से उनके व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। लोग खराब रास्ते के कारण दूसरी जगहों से सामान खरीदने चले जाते हैं। इस मौके पर रिंकू आर्या, अशोक, बीरू, समाजसेवी पप्पू चौधरी, राजकुमार, लकी, अनिरुद्ध, विजय और अमित समेत कई लोग मौजूद थे।




















