श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के टड़वा महंथ गांव में मंगलवार देर शाम करीब 7:00 बजे 40 साल के रामानुज का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। पारिवारिक विवाद के बीच हुई इस घटना से परिवार में दुख छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।वहीं आज शव का पीएम होगा परिवार का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि रामानुज मंगलवार को दिनभर घर से बाहर नहीं निकले थे। देर शाम उनके भाई के परिवार को शक हुआ तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा। वहां रामानुज का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। बताया जा रहा मृतक नशे के भी आदी थे, अभी तक परिवार की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले रामानुज का साला असूधा, खरगूपुर (गोंडा) से टड़वा महंथ आया था। किसी बात को लेकर जीजा साले दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। इस झगड़े के बाद रामानुज की पत्नी अपने भाई के साथ मायके चली गई थी। उनके साथ दोनों बेटियां और बेटा भी चले गए थे। परिजनों के मुताबिक, इसी बात को लेकर रामानुज काफी दुखी थे। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी रामानुज दो भाइयों में छोटे थे। वह गैस चूल्हे और इलेक्ट्रिक उपकरणों की रिपेयरिंग का काम करते थे। शादी-विवाह में खाना बनाने का काम भी करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां (18 और 14 साल) और एक 10 साल का बेटा है। तीनों की अभी शादी नहीं हुई थी और परिवार की पूरी जिम्मेदारी रामानुज पर थी। उनकी मां की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि पिता दूसरे बेटे के साथ रहते हैं। हालांकि, मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इकौना के प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





















