BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ श्रावस्ती में 10वीं के छात्र को घेरकर पीटा:गंभीर घायल छात्र की शिकायत...

श्रावस्ती में 10वीं के छात्र को घेरकर पीटा:गंभीर घायल छात्र की शिकायत पर 4 छात्रों पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

श्रावस्ती में जगजीत इंटर कॉलेज के गेट के पास मंगलवार को 10वीं के एक छात्र को पीटा गया था। मारपीट में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कॉलेज गेट के पास हंगामा हुआ। घायल छात्र को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चार छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के खजुरार निवासी शिवाकांत जगजीत इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। मंगलवार को करीब 11 बजे स्कूल से बाहर निकलने के बाद वह कॉलेज गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ छात्रों से उसका किसी बात पर विवाद हो गया। पहले छात्रों के बीच कहासुनी हुई और फिर विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित छात्र का कथित आरोप है कि हिमांशु, अल्ताफ, आकाश दुबे और रवि तिवारी ने छात्र शिवाकांत के साथ मारपीट की। मारपीट में छात्र को कई चोटें आईं और वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद छात्रों और आसपास के लोगों में हंगामा मच गया। जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और घायल शिवाकांत को निजी वाहन से सीएचसी इकौना ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद पीड़ित छात्र ने इकौना थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। उसने चारों छात्रों के खिलाफ नामजद शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हिमांशु, अल्ताफ, आकाश दुबे और रवि तिवारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।