
बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण तेज बुखार, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत लेकर चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं। अचानक तेज बुखार और कमजोरी महसूस होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले हल्का बुखार महसूस होता है, जिसके बाद तापमान तेजी से बढ़ जाता है। इसके साथ ही हाथ-पैर, कमर और अन्य जोड़ों में दर्द तथा मांसपेशियों में खिंचाव जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कई परिवारों में एक से अधिक सदस्य बीमार होने के कारण दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर के चिकित्साधिकारी डॉ. विजभान और डॉ. विकल्प मिश्रा के अनुसार, मौसम में बदलाव और बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत योग्य चिकित्सक से जांच व परामर्श लें। चिकित्सकों ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, व्यक्तिगत साफ-सफाई बनाए रखने और अपने आसपास गंदा पानी जमा न होने देने की सलाह दी है। उन्होंने बिना चिकित्सकीय सलाह के किसी भी दवाई का सेवन करने से बचने पर भी जोर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में वायरल बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता आवश्यक है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में स्वास्थ्य टीमों को भेजने और आवश्यकता पड़ने पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Home लेटेस्ट न्यूज़ बलरामपुर के गांवों में वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ा:तेज बुखार, जोड़ों-मांसपेशियों में...






























